मुख्यमंत्री सुक्खू ने निभाया पांगी के लोगों से किया वादा
पांगी के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनाव से पहले पांगी के लोगों से जो वादा किया था, अब उसे पूरा करने जा रहे हैं। उन्होंने यह आश्वासन दिया था कि सरकार पांगी क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से उगने वाली जो की सरकारी खरीद करेगी।
अब मुख्यमंत्री अपने इस वादे को निभाने जा रहे हैं। प्रदेश सरकार 8 अक्टूबर से पांगी में प्राकृतिक जो की खरीद शुरू करने जा रही है। इसके लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹60 प्रति किलो तय किया गया है। यानी किसानों से जो की खरीद ₹60 प्रति किलो की दर से की जाएगी।
इस निर्णय से पांगी के किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा तथा उन्हें अपनी फसलों का उचित मूल्य प्राप्त होगा।
किसानों में उत्साह, कृषि विभाग ने की तैयारियां पूरी
पांगी के किसान इस फैसले को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनका कहना है कि यह निर्णय क्षेत्र में जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देगा और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा।
सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि कृषि विभाग ने जो की खरीद के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके लिए पांगी क्षेत्र में पांच खरीद केंद्र बनाए गए हैं — किलाड़, हुडान, सेचु और साच जैसे क्षेत्रों में ये केंद्र स्थापित किए गए हैं।
अब तक 80 किसानों ने पंजीकरण करवाया है, जो इस योजना के तहत लाभान्वित होंगे। यह कदम पांगी की खेती को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।

